आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना की दमदार एंट्री जितनी चर्चा में रही, उतना ही उनका एंट्री सॉन्ग ‘Fa9la’ भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। थिएटर से लेकर सोशल मीडिया तक इस गाने ने जबरदस्त क्रेज पैदा किया और अब भारतीय फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
‘Fa9la’ के पीछे अपनी आवाज देने वाले बहरीनी रैपर फ्लिपराची जल्द ही भारत आने वाले हैं। इंडियन ऑडियंस से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद फ्लिपराची ने आधिकारिक तौर पर अपने इंडिया टूर का ऐलान कर दिया है।
फ्लिपराची ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उनके इंडिया टूर की पहली तारीख 14 मार्च 2026 को बेंगलुरु में तय की गई है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा,
“पहले इंडिया शो की तारीख अनाउंस्ड। हम 14 मार्च को बेंगलुरु में परफॉर्म करने के लिए एक्साइटेड हैं। जल्द ही और तारीखें जोड़ी जाएंगी। हमें किस शहर में रुकना चाहिए?”
इस अनाउंसमेंट के बाद फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं और अलग-अलग शहरों के नाम कमेंट्स में सुझा रहे हैं।
गौरतलब है कि फ्लिपराची, जिनका असली नाम हुसैन असीम है, बहरीन के 36 वर्षीय मशहूर हिप-हॉप आर्टिस्ट हैं। उन्होंने महज 12 साल की उम्र में रैप करना शुरू कर दिया था और साल 2008 में Outlaw Productions से जुड़कर अपने म्यूजिक करियर को नई दिशा दी।
करीब 22 सालों के म्यूजिकल सफर में फ्लिपराची बहरीन के हिप-हॉप सीन के लीडिंग आर्टिस्ट्स में शुमार किए जाते हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘Fa9la’ का ये जादू भारत के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान किस तरह छा पाता है।


