पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद सोजत लौटी महिला के बैग मे रखे गहने चोरी का मामला सामने आया है। सोजत सिटी निवासी महिला के बैग से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। पीड़िता ने इस संबंध में मारवाड़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार सोजत सिटी निवासी मोनिका पत्नी लक्ष्मीनारायण शादी समारोह में शामिल होने मारवाड़ जंक्शन आई थीं। समारोह के बाद 6 फरवरी को वह निजी बस से सोजत लौट रही थीं। घर पहुंचने पर जब उन्होंने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखे करीब 8 तोला सोने के आभूषण और लगभग 100 ग्राम चांदी के गहने गायब मिले, वहीं बैग की चेन भी खुली हुई थी।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि बस में चढ़ते समय भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग की चेन खोलकर गहने चुरा लिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।


