मारवाड़ जंक्शन। लगातार बढ़ती गर्मी और मौसम विभाग की हीटवेव चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। सोमवार से नई समय-सारिणी लागू कर दी गई है, जिससे खासकर छोटे बच्चों को राहत मिलेगी।
अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल बंजारा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कलेक्टर के आदेशानुसार मारवाड़ जंक्शन उपखंड के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों, आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल वाटिका के बच्चों का समय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ के लिए समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनका समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पूर्ववत रहेगा।
प्रशासन का यह निर्णय बच्चों को तेज गर्मी और लू के प्रकोप से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।


