सोजत। नगर के प्रमुख आराध्य स्थल राधाकृष्ण धाम में बुधवार से त्रिदिवसीय ‘शिव महिमा’ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। 6 से 8 मई 2026 तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है।
आयोजन के तहत प्रतिदिन शाम को प्रसिद्ध कथा व्यास संत कृपाराम महाराज द्वारा शिव महिमा की भावपूर्ण कथा का वाचन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कृषि मंडी रोड, नरसिंहपुरा स्थित राधाकृष्ण धाम में गुरु राजाराम जी महाराज के सानिध्य में आयोजित हो रहा है।
यह महोत्सव पूर्व पार्षद स्वर्गीय ललित कुमार सोलंकी की पुण्य स्मृति में सोलंकी परिवार द्वारा आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के प्रमुख, घांची समाज सोजत अध्यक्ष एवं पाली जिला भाजपा उपाध्यक्ष नरपत राज सोलंकी ने बताया कि राधाकृष्ण धाम में नव-निर्मित शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के उपलक्ष्य में इस विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
महोत्सव के अंतिम दिन 8 मई को प्रातः 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भगवान शिव की मूर्ति स्थापना की जाएगी। इसके बाद दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।

आयोजन की तैयारियों में श्री राधाकृष्ण धाम समिति के मोन्टू बिस्सा सहित सोलंकी परिवार के सदस्य—घीसालाल सोलंकी, श्रीमती शायरी देवी, कन्हैयालाल सोलंकी, प्रकाश सोलंकी, जयंतीलाल सोलंकी, श्रीमती कमला देवी, नेकी देवी, इन्द्रादेवी, रेखा, कविता, कौशल्या, ममता आदि—पूरी सक्रियता से जुटे हुए हैं।


