सोजत सिटी। कृषि उपज मंडी में नवचयनित व्यापार मंडल पदाधिकारियों के स्वागत का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी सोजत मंडल के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष कीर्ति राजेश तंवर के नेतृत्व में भव्य स्वागत समारोह आयोजित कर नव निर्वाचित टीम का अभिनंदन किया।
इस दौरान अध्यक्ष पद पर चुने गए सुनील गहलोत, उपाध्यक्ष प्रशांत टांक, सहसचिव ओम प्रकाश तंवर और कोषाध्यक्ष लक्ष्मणराम का माल्यार्पण व साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। समारोह में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिससे आयोजन में खास उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश तंवर, महामंत्री हीरालाल कांठेड़, उपाध्यक्ष महेंद्र टांक सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नवचयनित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
नव निर्वाचित व्यापार मंडल सदस्यों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह मंडी हमारा परिवार है, और हम सभी मिलकर व्यापारियों के हित में कार्य करेंगे।”
समारोह के दौरान आपसी सहयोग, एकता और व्यापारिक विकास को लेकर सकारात्मक संदेश भी दिया गया, जिससे मंडी में नए जोश और उम्मीदों का संचार हुआ।


