ब्यावर / बदनौर: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोगर में पंचायत सहायक पद पर कार्यरत रहे स्वर्गीय देवी सिंह जी के आकस्मिक निधन के पश्चात विद्यालय परिवार एवं उनके शुभचिंतकों द्वारा एक अनुकरणीय पहल की गई है। स्वर्गीय देवी सिंह जी के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप तथा उनके शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने हेतु शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आसपास के विद्यालयों के सहयोगकर्ताओं ने स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग राशि एकत्रित की।
इस सामूहिक एवं मानवीय पहल में PEEO मोगर के कार्मिकों, पंचायत शिक्षक संघ, PEEO भोजपुरा तथा करमा का बाडिया के सहयोगकर्ताओं ने आगे बढ़कर अपनी सहभागिता निभाई। सभी सहयोगकर्ताओं ने मिलकर कुल ₹3.5 लाख की आर्थिक सहायता राशि एकत्र कर देवी सिंह जी के परिवार को देने की घोषणा की है।
विद्यालय परिवार एवं उपस्थित समस्त सहयोगकर्ताओं ने स्वर्गीय देवी सिंह जी द्वारा दी गई समर्पित सेवाओं को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने एक स्वर में परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में सदैव उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। यह पहल न केवल एक कर्मचारी के प्रति अपनत्व को दर्शाती है, बल्कि समाज में एकजुटता, भातृत्व और मानवीय संवेदनाओं की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करती है।

