जयपुर। क्षेत्र मे तड़के दौलतपुरा टोल प्लाजा के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब दिल्ली से उदयपुर जा रही सवारियों से भरी प्राइवेट स्लीपर बस अचानक पलट गई। हादसे में 10 यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया।
SHO दौलतपुरा नंदलाल ने बताया कि बस में करीब 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। तड़के करीब 3:15 बजे बस दौलतपुरा टोल प्लाजा पार कर चौमूं की ओर बढ़ रही थी, तभी पुलिया चढ़ते समय अचानक ब्रेक फेल हो गए। बेकाबू बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई और फिर पुलिया की ढलान से रिवर्स होते हुए दीवार से टकराकर पलट गई।
हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व राहगीरों ने मिलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है।


