सोजत। सोजत तहसील के गाँव रूंदिया में धनतेरस के अवसर पर मानवता और सामाजिक एकता की अनोखी मिसाल पेश की गई। गाँव के जागरूक ग्रामीणों और युवाओं ने स्वेच्छा से चंदा एकत्रित कर लगभग 80% शारीरिक रूप से दिव्यांग अशोक नायक को ₹50,000 मूल्य की इलेक्ट्रॉनिक थ्री-व्हीलर स्कूटी भेंट की।

इस अवसर पर भाई घनश्यामपुरी के सहयोग से बस स्टैंड स्थित हनुमानजी मंदिर परिसर में एक स्नेहिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अशोक भाई का साफा और माला पहनाकर सम्मान किया तथा उन्हें स्कूटी की चाबी सौंपते हुए नई ऊर्जा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में घनश्याम पुरी, मांगीलाल मेघवाल, महेंद्र सिंह भाटी, जवान सिंह, जगदीश दास वैष्णव, दिग्विजय सिंह, रमेश बेनीवाल, राजूराम बावरी, संतूराम गुर्जर सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

दिपावली के इस पावन अवसर पर गाँव रूंदिया ने यह साबित किया कि सच्ची समृद्धि सोने-चाँदी में नहीं, बल्कि मानवता और सहयोग की भावना में बसती है।

