पाली। शहर के प्रसिद्ध पूनागर भाकरी माताजी मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर चांदी के छत्र और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मंदिर के पुजारी भोला पुरी शिष्य आनंद पुरी ने बताया कि 26 फरवरी की रात करीब 1 बजे तीन नकाबपोश युवक पूनागर भाकरी स्थित मंदिर पहुंचे। आरोपियों ने पहले पूनागर माता मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने परिसर में स्थित बालाजी मंदिर और भैसागर माता मंदिर के ताले तोड़ दिए।
बताया जा रहा है कि बदमाश यहां से करीब 7 से 8 चांदी के छत्र और नकदी चोरी कर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
मंदिर पुजारी की रिपोर्ट पर सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


