पाली। पुलिस की सख्त ड्यूटी के बीच मैदान में जोश और जुनून का नजारा गुरुवार को पाली पुलिस लाइन मैदान में देखने को मिला, जहां 44वीं अंतर जिला (रेंज स्तरीय) पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन जोधपुर आरपीटीसी-पीटीएस के पुलिसकर्मियों ने शानदार प्रदर्शन कर विभिन्न खेलों में अपना दबदबा कायम किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन उप महानिरीक्षक पुलिस पाली आदर्श सिधु ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय लेकर वॉलीबॉल मैच की शुरुआत करवाई और सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
महिला 100 मीटर दौड़ में प्रियंका अव्वल
सुबह आयोजित महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सीकर जिले की प्रियंका ने 15.65 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। प्रियंका वर्तमान में जोधपुर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रही है। उसने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से रोजाना सुबह और शाम 2-2 किलोमीटर दौड़कर तैयारी कर रही थी।

10 टीमों के 400 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
महिला अनुसंधान सेल के प्रभारी एएसपी नरेन्द्रसिंह देवड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में जोधपुर संभाग की जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही, जोधपुर आयुक्तालय, जीआरपी जोधपुर, राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग स्कूल सहित कुल 10 टीमों के करीब 400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

पुरुष-महिला वर्ग में कई रोमांचक स्पर्धाएं
पुरुष वर्ग में कबड्डी, हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती, राइफल शूटिंग, वूशू, बॉडी बिल्डिंग, वॉलीबॉल और ताइक्वांडो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं।
वहीं महिला वर्ग में वूशू, कबड्डी, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और ताइक्वांडो सहित विभिन्न दौड़ और शूटिंग स्पर्धाएं होंगी।
पुलिस परिवार के लिए भी खास आयोजन
प्रतियोगिता को पारिवारिक उत्सव का रूप देते हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए मेहंदी, म्यूजिकल चेयर, रंगोली और मांडना प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। साथ ही जलेबी दौड़ और बोरी रेस में भी परिवारजन उत्साह से भाग ले रहे हैं। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
इस दौरान एएसपी जयसिंह तंवर, एएसपी महिला अनुसंधान सेल नरेन्द्रसिंह देवड़ा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। पूरे पुलिस लाइन परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया।


