जोधपुर। श्री श्रीमाली ब्राह्मण समाज, जोधपुर के तत्वावधान में शनिवार, 28 फरवरी को शाम 4:00 बजे चांदपोल स्थित समाज भवन ‘शिवबाड़ी’ में रंगारंग फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
समाज के मंत्री नरेंद्र राज बोहरा ने बताया कि फागोत्सव के अंतर्गत ठाकुर जी एवं राधे रानी की अलौकिक झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धा और उल्लास के साथ इत्र व पुष्पों से होली खेली जाएगी, जिससे वातावरण भक्तिमय और रंगमय हो उठेगा।
कार्यकारी अध्यक्ष माधव जोशी के अनुसार, इस अवसर पर समाज की विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों की महिला भजन मंडलियों द्वारा पारंपरिक होरियों का मधुर गायन प्रस्तुत किया जाएगा, जो कार्यक्रम काआ मुख्य आकर्षण रहेगा।
महिला मंडल की सरला ओझा, नित्या ओझा, लीना जोशी, उर्वशी ओझा, रश्मि ओझा, अभिलाषा व्यास, सुनिता श्रीमाली, शशी बोहरा, संतोष श्रीमाली, विमलेश घोष, अरुणा दवे, पूनम व्यास, प्रिया रितेश शर्मा, आरती व्यास, संगीता दवे, संतोष दवे, कामाक्षी त्रिवेदी एवं शारदा श्रीमाली सहित अनेक सदस्याएं कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र बोहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आयोजन समिति ने समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर फागोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।

