बगड़ी नगर। 8वें पोषण पखवाड़े के तहत सेक्टर कंटालिया के आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण मेले का आकर्षक आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पार्वती भट्ट बोरनडी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में कंटालिया सेक्टर की विभिन्न आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अलग-अलग पौष्टिक व्यंजन तैयार किए गए, जो न केवल स्वादिष्ट थे बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी रहे। मेले का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सुपरवाइज़र श्रीमती ज्योति राठौड़ एवं संतोष गर्ग ने गर्भवती महिलाओं को पोषणयुक्त आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही खानपान से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है।
इस पोषण मेले में सेक्टर कंटालिया के अंतर्गत आने वाले कई आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
पोषण मेले के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने का यह प्रयास सराहनीय रहा और क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश देने में सफल साबित हुआ।


