सोजत। शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोजत की सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम ज्ञापन भेजा। यह ज्ञापन तहसीलदार दिलीप सिंह के माध्यम से प्रेषित किया गया, जिसमें चिकित्सा, यातायात, शिक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर सबसे ज्यादा जोर…
ज्ञापन में सोजत के राजकीय जिला चिकित्सालय को 300 बेड में क्रमोन्नत करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। उल्लेख किया गया कि करीब 25 वर्ष पहले 150 बेड में अपग्रेड हुए इस अस्पताल में अब मरीजों की संख्या दोगुनी हो चुकी है, लेकिन संसाधनों की भारी कमी के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसके साथ ही नेत्र परीक्षण थियेटर के जीर्णोद्धार और वहां पड़ी लाखों रुपये की मशीनों के उपयोग की मांग की गई। अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित अन्य रिक्त पदों को भरने पर भी जोर दिया गया।
आयुष, शिक्षा और नर्सिंग ट्रेनिंग की मांग…
सोजत के आयुर्वेद औषधालय और होम्योपैथी चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा आयुर्वेद औषधालय को आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग रखी गई। साथ ही शहर में नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने की आवश्यकता भी जताई गई, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण मिल सके।
बस सुविधा और सुरक्षा पर चिंता…
ज्ञापन में बताया गया कि रात्रि के समय अनुबंधित एवं रोडवेज बसें यात्रियों को शहर से करीब 1 किलोमीटर दूर हाईवे पर उतार देती हैं, जिससे महिलाओं, युवतियों और बुजुर्गों को खतरा बना रहता है। मांग की गई कि बसों को सोजत शहर के बस स्टैंड तक सवारियों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए बाध्य किया जाए।
अवैध गतिविधियों पर रोक की मांग…
शहर में ऑनलाइन गेमिंग, जुआ-सट्टा और नशे (स्मैक, गांजा) के बढ़ते अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए इन पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सामाजिक प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाओं की मांग…
ज्ञापन में सोजत को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने और स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पतराज मुणोत, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य महेंद्र मेहता, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष रामस्वरूप भटनागर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी ने एक स्वर में कहा कि सोजत के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।


