पाली। जिले के सांडेराव क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निम्बेश्वर महादेव मंदिर के निकट स्थित राज फर्नीचर हाऊस फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसका काला धुआं कई फीट ऊपर तक उठता हुआ दूर-दूर से दिखाई देने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फालना, सुमेरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सांडेराव पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फैक्ट्री सांडेराव-फालना रोड पर टोल नाके से पहले स्थित है, जहां गद्दे, सोफा सेट, तकिए और अन्य फर्नीचर तैयार किए जाते थे। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री करीब 8 से 10 महीने पहले ही शुरू हुई थी।
आग की लपटों में फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया। मैट्रेस, बेड, सोफा और अन्य फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के दौरान फैक्ट्री मालिक सोहनलाल मौके पर मौजूद थे। अपनी मेहनत से खड़ी की गई फैक्ट्री को जलते देख उनकी आंखें नम हो गईं।
फिलहाल दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

