सोजत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 117-सोजत (अ.जा.) की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन गुरुवार, 12 नवंबर को किया गया।
इस संबंध में दोपहर 12 बजे निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों तथा प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम रवि प्रकाश ने की।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड प्रतियां उपलब्ध करवाई गईं तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान मतदाता सूची को अधिकाधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पर चर्चा की गई।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रवि प्रकाश ने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। साथ ही राजनीतिक दलों से रिक्त पदों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी की ओर से हीरालाल कांठेर, इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से गोविंद दवे खोखरा सहित चुनाव शाखा से मोहम्मद रफीक एवं प्रेमचंद परिहार उपस्थित रहे।


