सोजत। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपना 108वाँ स्थापना दिवस सोजत शाखा में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक श्री जगदीश माली ने उपस्थित ग्राहकों एवं गणमान्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक श्री जगदीश माली ने बैंक की गौरवशाली विरासत, ग्राहक सेवा, विश्वास एवं बैंकिंग क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपने 108 वर्षों के गौरवशाली सफर में ग्राहकों के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि बैंक केवल वित्तीय लेन-देन का माध्यम नहीं, बल्कि आमजन, व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की आर्थिक प्रगति का सशक्त साथी है। बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को सरल, सुरक्षित एवं आधुनिक बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन से जोड़ना है।
इस अवसर पर ग्राहकों के साथ संवाद किया गया तथा बैंक की विभिन्न जमा योजनाओं, ऋण सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय जागरूकता के संबंध में जानकारी साझा की गई। साथ ही बैंक के प्रति ग्राहकों द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार प्रकट किया गया।
कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक श्री जगदीश माली ने सभी ग्राहकों को आश्वस्त किया कि सोजत शाखा भविष्य में भी बेहतर ग्राहक सेवा, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ अपनी सेवाएँ प्रदान करती रहेगी।


