सोजत। सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संरक्षण के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी क्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सोजत सिटी शाखा द्वारा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थी श्री रोशन, निवासी धाकड़ी, सोजत को ₹2 लाख की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक श्री जगदीश माली ने लाभार्थी को ₹2 लाख का चेक सौंपते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आमजन को न्यूनतम वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम में ₹2 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध होने से आम नागरिकों एवं उनके परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक संबल मिलता है।
शाखा प्रबंधक श्री माली ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना भी है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित करें।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी ग्राहकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभों की जानकारी दी।


