पाली। सावन के पावन महीने के तीसरे सोमवार को नीलकंठ महादेव मंदिर, इंद्र विहार पाली में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ विशेष रुद्राभिषेक अनुष्ठान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत इत्र, गुलाब जल एवं सुगंधित द्रव्यों के साथ भगवान शिव का अभिषेक कर की गई। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि यजमान गणपत दास वैष्णव दंपति द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दुग्धाभिषेक एवं जलाभिषेक किया गया। उन्होंने भगवान महादेव से विश्व शांति, सुख-समृद्धि और समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन हुआ तथा भक्तजनों को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर रुद्री पाठ, अष्टाध्यायी और सामगान द्वारा महादेव का पूजन किया गया। पंडित नरेंद्र दवे के नेतृत्व में मंत्रोच्चार हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में अनिल ओझा, मनमोहन ओझा, आनंद ही आनंद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर समिति द्वारा कांवड़ यात्रियों का स्वागत भी श्रद्धा पूर्वक किया गया।