जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 31 जनवरी से प्रदेश में एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी को अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग एवं शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
वहीं 1 और 2 फरवरी को भी उत्तरी एवं पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश अथवा मावठ का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में तेज हवा चलने की भी संभावना है।

हालांकि, इस पश्चिमी विक्षोभ का असर जोधपुर और बीकानेर संभाग पर कम रहेगा, जहां अधिकांश इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह मावठ फसलों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है, लेकिन मेघगर्जन व बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों और आमजन को मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

