सोजत। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका द्वारा मुख्य बाजार क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान पालिका प्रशासन की टीम ने दुकानों, ठेलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। स्वास्थ्य निरीक्षक पूनम चंद ने बताया कि कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक कैरी बैग, थर्माकोल प्लेट, प्लास्टिक कप सहित अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक की 25 किलो से अधिक मात्रा जब्त की गई।
नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर पालिका द्वारा 5 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही व्यापारियों को कपड़े के थैले, कागज के बैग एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई। पालिका प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त सोजत बनाने में सभी की सहभागिता जरूरी है।
पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।
इस अभियान में सहयोगी के रूप में लिपिक ऋषि टांक, जितेंद्र आदिवाल एवं मनोहर उपस्थित रहे।

