सोजत रोड। कस्बे में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बिजली ट्रांसफार्मर पर मरम्मत कार्य कर रहा एक कर्मचारी अचानक नीचे गिर गया। हादसे में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जोधपुर डिस्कॉम की फास्ट रिमूवल टीम (FRT) को श्रीयादेवी मंदिर के पीछे लगे ट्रांसफार्मर में खराबी की सूचना मिली थी, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया।
इसी दौरान टीम का कर्मचारी पप्पू (38) ट्रांसफार्मर पर काम करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। गिरते वक्त उसका सिर पास की दीवार से टकराया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसके सिर और हाथ में गहरी चोट बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद साथियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल कर्मचारी को सोजत रोड के अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।
वर्तमान में घायल का इलाज जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

