आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। एक निजी यात्री बस और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिससे कम से कम 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए।
हादसा इतना भयावह था कि आग लगते ही बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मार्कापुरम के पुलिस अधीक्षक वी हर्षवर्धन राजू ने बताया कि हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चालक समेत 23 घायलों का इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह निजी बस जगित्याल से कालीगिरि जा रही थी, जिसमें करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।


