in

पाली में अवैध बजरी खनन पर पुलिस का शिकंजा, रात में दबिश देकर 3 आरोपी गिरफ्तार

पाली। जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर शिकंजा कसा।

अंधेरे में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को देख बजरी से भरे वाहन लेकर भाग रहे आरोपियों का पीछा कर तीन जनों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई वाहन जब्त किए गए।

सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू ने बताया कि मुखबिर से अवैध बजरी खनन की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर सदर थानाप्रभारी कपुराराम और एएसआई मोहनलाल टीम के साथ टेक्सटाइल पार्क के आगे निम्बाड़ा रोड पर पहुंचे।

पुलिस टीम को देखते ही बजरी से भरा डम्पर लेकर जा रहे आरोपी मौके से फरार होने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें दबोच लिया। मौके से एक बजरी से भरा डम्पर, एक खाली डम्पर, एस्कोर्ट कर रही केम्पर और एक स्विफ्ट कार जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शरीफ खान (35), इंसाफ (27) और अली अकबर (19) को गिरफ्तार किया। सदर थाना पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी निम्बाड़ा गांव के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार जिले में अवैध बजरी खनन का नेटवर्क काफी सक्रिय है।

रात के अंधेरे में खनन माफिया अपने मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और बजरी से भरे वाहनों को एस्कोर्ट किया जाता है। पुलिस वाहन नजर आते ही तुरंत सूचना दे दी जाती है, जिससे कई बार आरोपी पकड़ से बच निकलते हैं।

पाली जिले के रोहट, सोजत, रानी और गुड़ा एंदला सहित कई थाना क्षेत्रों में रात के समय अवैध बजरी खनन जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अब अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शादी सीजन में मिलावटी घी पर सख्ती: पाली में छापेमारी, 27 टीन सीज, कई ब्रांड के सैंपल जांच को भेजे

पाली: मवेशी को बचाने के प्रयास में खाई में गिरी वैन, 5 घायल — एयरबैग ने बचाई जान