सोजत। राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) के संभावित निजीकरण के विरोध में सोजत के वरिष्ठ नागरिकों ने सोमवार को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। वरिष्ठ नागरिक समिति सोजत के बैनर तले उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार जयपुर के नाम तहसीलदार सोजत के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
समिति के अध्यक्ष सुरेश ओझा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनर्स और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया कि RGHS योजना कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा कवच है, जिसका निजीकरण आमजन के हितों के खिलाफ होगा।
प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि इस योजना को पूरी तरह सरकारी नियंत्रण में ही रखा जाए, ताकि आम कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सस्ती एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा मिलती रहे।
इस अवसर पर पेंशनर समाज के अध्यक्ष लालचंद मोयल, वरिष्ठ नागरिक समिति के उपाध्यक्ष हितेंद्र व्यास, कोषाध्यक्ष मदनलाल चौहान, सचिव डॉ रशीद गौरी, पेंशनर समाज सचिव रामस्वरूप भटनागर, जिला संरक्षक शारीरिक शिक्षक संघ सत्तूसिंह भाटी, भूतपूर्व सैनिक संगठन सचिव अशोक सेन, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, श्याम लाल व्यास, सोजत सेवा मंडल सचिव पुष्पतराज मुणोत , शिक्षाविद् महेंद्र मेहता, जुगल किशोर दवे, प्रकाश सोनी, एडवोकेट गजेंद्र मेहता, श्यामलाल परिहार, महेंद्र माथुर आदि कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे।


