पाली। प्यार, भरोसा और नई जिंदगी के सपनों के साथ हैदराबाद से करीब 1550 किलोमीटर दूर पाली पहुंची एक युवती की जिंदगी महज एक महीने में दर्दनाक मोड़ पर आ गई। जिस युवक ने शादी कर साथ निभाने का वादा किया था, वही उसे बेसहारा छोड़कर फरार हो गया। हालात ऐसे बने कि युवती को तीन रातें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल के गलियारों में गुजारनी पड़ीं।
27 वर्षीय युवती हैदराबाद क्षेत्र की रहने वाली है। पहले पति से तलाक के बाद वह अपनी मां के साथ रहकर एक कंपनी में मजदूरी करती थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती पाली के एक युवक से हुई। धीरे-धीरे बातचीत प्यार में बदल गई और युवक ने शादी कर खुशहाल जिंदगी देने का भरोसा दिलाया।
बताया जा रहा है कि युवक ने 22 मार्च 2026 को युवती को हैदराबाद से पाली बुलाया और 25 मार्च को दोनों ने जोधपुर स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद युवती जब पाली स्थित ससुराल पहुंची तो वहां उसका स्वागत नहीं, बल्कि तानों से सामना हुआ। युवती का आरोप है कि उसके सांवले रंग को लेकर ससुराल पक्ष उसे अपमानित करता था।
युवती ने बताया कि कुछ दिन पहले युवक उसे कोर्ट ले गया और हिंदी नहीं समझ पाने का फायदा उठाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए।
इसके बाद 28 अप्रैल को युवक उसे यह कहकर ट्रेन में बैठाकर ले गया कि वह उसे उसकी मां से मिलवाने हैदराबाद ले जा रहा है, लेकिन रास्ते में ही वह गायब हो गया। बाद में उसका मोबाइल भी बंद मिला।
किसी तरह युवती वापस पाली पहुंची, लेकिन ससुराल वालों ने घर में घुसने तक नहीं दिया।
परेशान युवती ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन रहने का कोई सहारा नहीं होने के कारण वह पिछले तीन दिनों से बांगड़ हॉस्पिटल में रातें काट रही थी। भूख लगने पर चाय पीकर और पानी से पेट भरकर वह दिन गुजार रही थी।
बुधवार रात अस्पताल में ड्यूटी कर रहे एक गार्ड की नजर जब अकेली घूम रही युवती पर पड़ी तो उसने वजह पूछी। इतना सुनते ही युवती रो पड़ी और अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। गार्ड ने मानवता दिखाते हुए युवती को अस्पताल परिसर में संचालित सखी सेंटर पहुंचाया, जहां उसे सुरक्षित ठहराया गया।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

