गुरुग्राम। मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ व ‘रोडीज’ के विनर एल्विश यादव के नए घर पर रविवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह घटना सेक्टर-56 स्थित उनके आवास पर सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन हमलावरों ने घर के बाहर खड़े होकर 20 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं।
फायरिंग के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य अंदर ही थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। घटना की जानकारी एल्विश के पिता ने तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का सुराग मिल सके।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला डराने या धमकाने की नीयत से की गई फायरिंग का लग रहा है। एल्विश यादव या उनके परिवार की ओर से इससे पहले किसी तरह की धमकी मिलने की जानकारी नहीं दी गई थी।
पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और हर एंगल से जांच कर रही है।


