पाली। शहर के ग्रीन पार्क क्षेत्र में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय हादसा हो गया।
पत्थर काटने के दौरान मजदूर के हाथ से ग्लेंडर छूट गया, जो सीधे उसके हाथ और चेहरे से टकरा गया। इस हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दौसा हाल पाली निवासी 32 वर्षीय मजदूर भजनलाल शनिवार शाम मकान निर्माण स्थल पर पत्थर काटने का काम कर रहा था।
इस दौरान ग्लेंडर अचानक उसके हाथ से फिसल गया और चलता हुआ ग्लेंडर उसके दूसरे हाथ और चेहरे से जा टकराया। इससे उसके हाथ और चेहरे पर गहरे कट लग गए और मौके पर ही खून बहने लगा।
साथी मजदूरों ने तुरंत घायल भजनलाल को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने उसका उपचार किया और घावों पर टांके लगाए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद मजदूरों में दहशत का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।


