पाली। शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के गहनों से लेकर कैश व जरूरी दस्तावेज तक ले उड़े। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

औद्योगिक नगर थाने के SHO देवीदान ने बताया कि मधुबन कॉलोनी सतगुरु नगर निवासी 52 वर्षीय पारस देवी पत्नी भंवरलाल बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को वह अपने पति के साथ बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती अपने दोहित की तबीयत जानने गई थीं। दोनों उसी रात हॉस्पिटल में रुक गए। अगले दिन 1 नवंबर की सुबह उनकी बेटी घर पहुंची तो ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

सूचना मिलते ही पारस देवी और उनका पति घर पहुंचे। देखा तो पूरा मकान खंगाला हुआ था। चोर करीब 6-7 तोला सोने के गहने, डेढ़ से दो किलो चांदी के गहने और करीब 1 लाख 14 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे। चोरों ने घर के सूटकेस, बॉक्स आदि भी तोड़ डाले।
पारस देवी ने बताया कि चोरों ने बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी। उन्होंने गुल्लक फोड़कर उसमें रखे रुपए भी निकाल लिए। इसके अलावा घर में रखे ATM कार्ड, बैंक डायरी, चेक बुक और अन्य जरूरी दस्तावेज भी चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना पर शनिवार सुबह ASI ओमप्रकाश जोशी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और मकान का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर वारदात का खुलासा किया जाएगा।


