नई दिल्ली। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड के विजेताओं की घोषणा सरकार द्वारा कर दी गई है। तीनों सेनाओं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न मंत्रालयों की झांकियों में से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सरकारी परिणामों के अनुसार तीनों सेनाओं में भारतीय नौसेना को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल का पुरस्कार मिला है, जबकि CAPF और अन्य सहायक बलों में दिल्ली पुलिस को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ता घोषित किया गया।
झांकियों में महाराष्ट्र अव्वल…
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों में सांस्कृतिक विविधता और आत्मनिर्भर भारत की झलक देखने को मिली। इनमें महाराष्ट्र की झांकी ‘गणेशोत्सव: आत्मनिर्भरता का प्रतीक’ को प्रथम स्थान मिला। दूसरे स्थान पर जम्मू-कश्मीर की हस्तशिल्प और लोक नृत्य आधारित झांकी रही, जबकि तीसरे स्थान पर केरल की ‘जल मेट्रो और 100% डिजिटल साक्षरता’ विषयक झांकी रही।
केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में संस्कृति मंत्रालय की झांकी ‘वंदे मातरम: एक राष्ट्र की आत्मा की पुकार’ को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। वहीं, विशेष पुरस्कार केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को ‘वंदे मातरम: 150 वर्ष का स्मरणोत्सव’ विषय पर दी गई झांकी के लिए प्रदान किया गया।
MyGov पोल में जनता की अलग पसंद..
सरकार द्वारा MyGov पोर्टल पर कराए गए ऑनलाइन मतदान में जनता की पसंद कुछ अलग नजर आई। इसमें तीनों सेनाओं में असम रेजिमेंट, CAPF में CRPF को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल चुना गया।
ऑनलाइन पोल में झांकियों की श्रेणी में गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को शीर्ष तीन स्थान मिले, जबकि केंद्रीय मंत्रालयों में स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की झांकी को जनता ने सर्वश्रेष्ठ माना।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस परेड 2026 में भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक देखने को मिली, जिसे देश-विदेश में करोड़ों लोगों ने टीवी और डिजिटल माध्यमों से देखा।

