पाली। शहर के वार्ड संख्या 27 में लंबे समय से जलभराव और खराब रास्तों की समस्या से जूझ रहे रहवासियों के लिए राहत भरी खबर है। महावीर नगर मार्ग स्थित कुमावत कॉलोनी के बाहरी क्षेत्र में अब जलभराव की समस्या इतिहास बन जाएगी। क्षेत्र में विधायक भीमराज भाटी के विधायक कोष से आरसीसी (RCC) सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

डॉ. चावला के प्रयासों को मिली सफलता
वार्ड के निवर्तमान पार्षद डॉ. रमेश कुमार चावला ने बताया कि कुमावत कॉलोनी के बाहर का क्षेत्र निचला होने के कारण यहाँ अक्सर पानी जमा हो जाता था, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए डॉ. चावला ने पाली विधायक श्री भीमराज भाटी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष हकीम भाई से विशेष आग्रह किया था।
विधायक कोष से मिली सौगात
पार्षद के आग्रह और जनहित को देखते हुए विधायक भीमराज भाटी ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने अपने विधायक कोष से इस क्षेत्र के लिए आरसीसी सड़क निर्माण हेतु बजट जारी किया। बजट मिलते ही सड़क निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है, जो अभी प्रगति पर है।

वार्डवासियों ने जताया आभार
निवर्तमान पार्षद डॉ. रमेश कुमार चावला ने बताया कि इस सड़क के बनने से स्थानीय लोगों को कीचड़ और पानी भरने की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने वार्डवासियों की ओर से विधायक भीमराज भाटी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई का इस विकास कार्य के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

