पाली जिले के नाना थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ठंडी बेरी ग्राम पंचायत के निकट सरजू वाड़ी उरना गांव के पास पहाड़ी पर बकरियां चराने गए 12 वर्षीय बालक पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिरोही रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश कुमार (12) पुत्र भानाराम अपने 3-4 साथियों के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे पहाड़ी पर बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान पहाड़ी की ओट में छिपे लेपर्ड ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। लेपर्ड के पंजे का वार चेहरे पर लगने से प्रकाश का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 12 फीट ऊंची पहाड़ी से नीचे लुढ़क गया।
गिरने के बाद बालक जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिससे लेपर्ड वहां से भाग निकला। घटना में बालक के चेहरे पर चोटें आई हैं।
बाली रेंजर महेंद्रसिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद बालक को सिरोही रेफर किया गया है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। वन विभाग की टीम इलाके में लेपर्ड की तलाश में जुटी हुई है।

सरपंच प्रतिनिधि केसाराम गरासिया के अनुसार घटना के समय बच्चे पहाड़ी पर बकरियां चराते हुए खेल रहे थे। तभी अचानक लेपर्ड ने हमला कर दिया, लेकिन बच्चे के जोर से चिल्लाने और ग्रामीणों के शोर के कारण वह डरकर भाग गया।


