in

मायरा भरने जा रहे परिवार पर कहर: ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 5 की मौत, 6 घायल।

पाली। खुशियों से भरी मायरा यात्रा एक पल में मातम में बदल गई।

अहमदाबाद में बहन के यहां मायरा भरने जा रहे परिवार की वैन गुजरात के ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर उनाव गांव के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

भावनगर (थाना गुड़ा एंदला) निवासी डायाराम कुमावत ने बताया कि वे अपने छोटे भाई रामलाल कुमावत के परिवार के साथ दो गाड़ियों में अहमदाबाद जा रहे थे। 20 फरवरी को भांजे विकास की शादी में मायरा भरने के बाद 21 फरवरी को बहन सुगना के बेटे प्रवीण की शादी में शामिल होना था। समय से पहुंचने के लिए दोनों भाई 20 फरवरी की रात करीब 2 बजे परिवार सहित रवाना हुए थे।

रात करीब साढ़े तीन बजे सिरोही के एक होटल पर सभी ने चाय-नाश्ता किया। इसके बाद दोनों गाड़ियां आगे बढ़ीं, लेकिन रामलाल की वैन डायाराम की कार से करीब 25 किलोमीटर पीछे रह गई।

सुबह करीब 7 बजे डायाराम को पुलिस का फोन आया कि उनके भाई की वैन ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई है। वे तुरंत लौटकर हॉस्पिटल पहुंचे, जहां भाई रामलाल, मां और भतीजे-भतीजी के शव देखकर उनके होश उड़ गए।

डायाराम ने कहा—“तीन घंटे में हमारी दुनिया उजड़ गई।”

हादसे में रामलाल कुमावत (50), उनकी बेटी कोमल (30), बेटा कैलाश (25), मां मथुरा देवी (70) और 3 वर्षीय नाती आयुष (कोमल का बेटा) की मौत हो गई। वहीं छह अन्य परिजन घायल हुए हैं, जिनका गुजरात के अस्पताल में इलाज जारी है।

परिवार के दर्द का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कोमल और उनके तीन वर्षीय बेटे आयुष का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया, जबकि रामलाल, कैलाश और मथुरा देवी का दूसरी चिता पर एक साथ अंतिम संस्कार हुआ।

हादसे में रामलाल की पत्नी पकली उर्फ पोकरी देवी (46), बेटा राकेश कुमावत (22), पुत्रवधु ममता (24), जवाई मदनलाल (35) और 8 वर्षीय जानवी घायल हुए हैं। सभी का गुजरात के अस्पताल में उपचार जारी है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली की बेटी ज्योति कंवर ने शौक को बनाया रोजगार, पेंटिंग से कमा रहीं हजारों।

पाली कलेक्ट्रेट ने बाल विवाह मुक्त भारत रथ यात्रा व पोस्टर विमोचन का किया शुभारंभ।