पाली। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध कमर्शियल उपयोग पर रसद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।

शिकायतों के आधार पर गठित जांच टीम ने बाली, मुण्डारा और सादड़ी क्षेत्र में 7 होटल और रेस्टोरेंट्स पर अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होते पाए जाने पर कुल 20 सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार ने बताया कि मुण्डारा स्थित मैसर्स हरिओम स्वीट्स से 2, मैसर्स परशुराम महादेव किराणा स्टोर्स से 8 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं बाली में मैसर्स जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन से 2, मैसर्स माताजी स्वीट्स से 2 और मैसर्स पढरपुरी चाय से 2 सिलेंडर कब्जे में लिए गए। इसके अलावा सादड़ी स्थित मैसर्स ओम साई फास्ट फूड और मैसर्स किसान केसरी ढाबा से 2-2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त जांच के दौरान प्रवर्तन अधिकारी जितेन्द्र सिंह आशिया और प्रवर्तन निरीक्षक भरत कुमार भी टीम में शामिल रहे।
रसद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध गैस उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया है।


