सोजत। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर के ओएसडी डॉ. केसरीसिंह शेखावत ने बुधवार शाम राजकीय चिकित्सालय सोजत का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डॉ. शेखावत ने अस्पताल प्रशासन से उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों के उपचार की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
अस्पताल के पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता ने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। निरीक्षण के दौरान विकास मारवल सहित चिकित्सक एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों की पालना सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।


