सोजत सिटी। सोजत नगरपालिका के अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा सियासी रोमांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है।आज सोमवार 21 सितंबर को नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। ऐसे में पूरे शहर की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि सोजत नगरपालिका की कमान किसके हाथ आएगी।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचित सदस्यों की बैठक सोमवार को आयोजित होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद तत्काल मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।
अध्यक्ष पद के लिए इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। भाजपा की ओर से कीर्ति तंवर, कांग्रेस की ओर से बालमुकुंद गहलोत तथा निर्दलीय प्रत्याशी ऐश्वर्या सांखला मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों ने नामांकन के बाद मैदान में बने रहने का निर्णय लिया है, जिससे अध्यक्ष पद का मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है।
नगरपालिका चुनाव में भाजपा को 40 में से 24 पार्षदों के साथ बहुमत मिला था, जबकि कांग्रेस के 10 और निर्दलीय 6 पार्षद निर्वाचित हुए थे। अब अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्षदों के रुख और मतदान के बाद सामने आने वाले परिणाम पर सभी की नजरें रहेंगी।
सोमवार को मतदान के साथ ही सोजत नगरपालिका को नया अध्यक्ष मिल जाएगा और कई दिनों से चल रही अध्यक्ष पद की चर्चाओं पर विराम लग जाएगा।


