सोजत सिटी। 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेहड़ा बेरा, सोजत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेंदला, बाली में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में हिमांशु देवड़ा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि अंडर-17 वर्ग में बलवीर गुर्जर ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं, धांगड़वास में आयोजित 14 वर्षीय वर्ग की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के यशवंत चौहान एवं गौरव गहलोत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य दिलीप कुमार सैनी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दक्ष प्रशिक्षक श्री आत्माराम चौहान, श्री कुशाग्र गहलोत एवं चंद्रशेखर देवड़ा का भी फूलों की माला एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ी खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहे हैं।

