सोजत सिटी। नगर पालिका सोजत सिटी के वार्ड संख्या 15 से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विजयी हुए युवा पार्षद इरफान खान राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पेशे से बिल्डिंग कांट्रेक्टर इरफान खान को समाजसेवा और जनसेवा का संस्कार पारिवारिक विरासत से मिला है।
इरफान खान के मरहूम पिता जनाब इंसाफ खां सिपाही (नेताजी) सोजत मुस्लिम वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष रहे। अध्यक्ष पद पर रहते हुए ही उनका निधन हुआ। वे सोजत की जानी-मानी शख्सियतों में शुमार थे और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते थे।
पिता की सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके बड़े पुत्र इरफान खान ने उनके निधन के बाद राजनीति में कदम रखा। अपने पहले ही चुनाव में उन्होंने वार्ड संख्या 15 से पार्षद का चुनाव जीतकर नगर राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समाजसेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय…
पार्षद बनने के बाद इरफान खान लगातार वार्डवासियों और शहरवासियों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय नजर आते हैं। वे विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी निभाते हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
युवा राजनीति में उभरते चेहरे के रूप में इरफान खान नगर पालिका की गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। वे नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर के साथ शहर की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर लगातार प्रयासरत हैं।
राजनीति का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की सेवा-इरफान…
पार्षद इरफान खान ने बातचीत में कहा कि राजनीति में आने का उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों की सेवा करना और शहर की समस्याओं के समाधान में अपनी भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा रखते हुए तथा नगर पालिका अध्यक्ष के साथ कदम से कदम मिलाकर सोजत के विकास और जनहित के कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।


