पाली। जिले में निजी पेट्रोलियम कंपनी Nayara Energy ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब जिले के करीब 40 नायरा पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को महंगा ईंधन खरीदना पड़ेगा।

इतना बढ़ा पेट्रोल-डीजल का भाव..
नायरा कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
पहले पेट्रोल: ₹105.04 प्रति लीटर
अब पेट्रोल: ₹110.04 प्रति लीटर
पहले डीजल: ₹90.51 प्रति लीटर
अब डीजल: ₹93.51 प्रति लीटर
डीलर्स में नाराजगी...
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कार्तिकेय श्रोत्रिय ने इस बढ़ोतरी को गलत बताते हुए कहा कि निजी कंपनियों का यह फैसला डीलर्स के लिए नुकसानदायक साबित होगा।
उनका कहना है कि पहले कंपनियां आकर्षक वादों के साथ डीलर्स को जोड़ती हैं, लेकिन अब अचानक दाम बढ़ाकर उन्हें मुश्किल में डाल दिया गया है। जिले के करीब 35 डीलर्स इस फैसले से सीधे प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनके लिए प्रतिस्पर्धा में बने रहना चुनौती बन जाएगा।
अन्य कंपनियों के दाम स्थिर…
जिले में अन्य सरकारी कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर फिलहाल दाम स्थिर हैं—
HP के लगभग 74 पंप
BP के करीब 43 पंप
IOC के करीब 74 पंप
इन पर अभी किसी प्रकार की मूल्य वृद्धि नहीं की गई है।
पंपों पर बढ़ी भीड़, ड्रम में भरवाया डीजल..
अंतरराष्ट्रीय हालात—खासतौर पर ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव—के चलते पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इसी के चलते गुरुवार को सूरजपोल क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ देखी गई। कई लोग भविष्य में और बढ़ोतरी की आशंका के चलते ड्रम में डीजल भरवाकर ले जाते नजर आए।
ईंधन की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ डीलर्स की चिंता भी बढ़ा दी है, और आने वाले दिनों में इसके और असर देखने को मिल सकते हैं।


