शिवपुरा / पाली। धाकड़ी गांव में बीती रात करीब 11 बजे ग्रामीणों की सतर्कता से पांच संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। युवकों की पिकअप गाड़ी से पांच जीवित सुअर बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 11 बजे धाकड़ी गांव में ग्रामीणों ने सड़क किनारे पिकअप खड़ी कर संदिग्ध रूप से घूमते पांच युवकों को देखा। ग्रामीणों ने जब उन्हें आवाज दी तो वे भागने लगे। इस पर ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग एकत्र हो गए और घेराबंदी कर पांचों युवकों को पिकअप सहित गांव के बीचों-बीच ले आए।

घटना की सूचना तुरंत गांव के सरपंच वेनाराम चौधरी और उपसरपंच कालूराम ब्राह्मण को दी गई। दोनों जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और शिवपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शिवपुरा थानाधिकारी (सीआई) दाऊद खान व एएसआई हनवंत सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में पांच जीवित सुअर मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दीपाराम (23) पुत्र भीमाराम हरिजन, महावीर (35) पुत्र भीमाराम हरिजन, शेरूराम (22) पुत्र भीमाराम हरिजन, गौतम (46) पुत्र मदनलाल तथा कन्हैयालाल पुत्र जवरीलाल हरिजन बताए, जो सभी राजकियावास (मारवाड़ जंक्शन) के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, पिकअप (RJ 22 GB 6606) इकबाल पुत्र मेहरुखा निवासी बीजपुर (शिवपुरा) के नाम दर्ज बताई गई है।
पुलिस ने पांचों युवकों को पाबंद कर शिवपुरा थाने ले गई। एएसआई हनवंत सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले के हर पहलू से गहन और सख्ती से पूछताछ की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपी किस उद्देश्य से देर रात गांव में आए थे।


