पाली के सिंधी कॉलोनी में सिंधी समाज की ओर से निर्मित भव्य झूलेलाल धाम का रविवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। मॉडर्न डिजाइन और लग्जीरियस लुक से सजी इस इमारत ने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भवन में समाजिक व पारिवारिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

सिंधी समाज सेवा समिति के अध्यक्ष राजेश पार्शवानी ने बताया कि झूलेलाल धाम का निर्माण कार्य 8 दिसंबर 2023 को प्रारंभ हुआ था, जो समाज के भामाशाहों एवं समाजबंधुओं के आर्थिक सहयोग से संभव हो पाया है। यह भवन समाज की एकजुटता और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है।
पहली विंग का उद्घाटन, 16 एसी युक्त कमरे तैयार…
लोकार्पण के अवसर पर झूलेलाल धाम की पहली विंग का उद्घाटन किया गया।
ग्राउंड फ्लोर पर हॉल, किचन और स्टोर रूम बनाए गए हैं।
प्रथम तल पर 16 लेट-बाथ अटैच, एसी युक्त कमरे तैयार किए गए हैं।
भविष्य में इस भवन में कुल 36 कमरे, 3 हॉल, 2 किचन, दूल्हा-दुल्हन के लिए दो विशेष सुसज्जित कमरे तथा 8 स्टोर रूम बनाए जाने प्रस्तावित हैं। शेष निर्माण कार्य प्रगति पर है।

भगवान झूलेलाल के 26वें वंशज ने किया लोकार्पण..
झूलेलाल धाम का लोकार्पण ठाकुर सांई मनीषलाल साहिब के करकमलों से संपन्न हुआ, जिन्हें आयोजकों ने भगवान झूलेलाल का 26वां वंशज बताया। उनके आगमन पर समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्वान पंडितों के सान्निध्य में विशेष वैदिक हवन-पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें आहुतियां देकर विश्व कल्याण और समाज की समृद्धि की कामना की गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाजबंधु, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। झूलेलाल धाम को भविष्य में सामाजिक, धार्मिक और वैवाहिक आयोजनों के लिए एक आदर्श केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।


