पाली | मारवाड़ की पावन धरा और पाली शहर में सोमवार को ईदुल फितर का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। जिले भर के मुस्लिम समाज ने अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाकर देश और प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
ईदगाह में उमड़ा जनसैलाब, मौलाना दानिश कफील ने अदा करवाई नमाज
जिला मुस्लिम समाज के प्रवक्ता शकील अहमद नागौरी ने बताया कि मुख्य समारोह शहर की ईदगाह में आयोजित हुआ। यहाँ सुबह 8:45 बजे मौलाना दानिश कफील ने हजारों की संख्या में मौजूद मोमिनों को ईद की विशेष नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद पढ़े गए खुतबे में मौलाना ने इंसानियत और शांति का संदेश दिया।
मौलाना का संदेश: “रमजान का महीना इबादत और सब्र का था, जिसका इनाम अल्लाह ने आज ईद के रूप में दिया है। हर मोमिन का फर्ज है कि वह अपने पड़ोसियों की खुशियों का ख्याल रखे और गरीबों व मिस्कीनों की दिल खोलकर मदद करे। इस्लाम हमें प्रेम और भाईचारे का रास्ता दिखाता है।”
प्रशासनिक अधिकारियों का भव्य इस्तकबाल
इस मुबारक मौके पर गंगा-जमुनी तहजीब का नजारा देखने को मिला। मुस्लिम समाज पाली के सदर मोहम्मद हकीम और ईदगाह कमेटी सदर मोहम्मद हनीफ के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री, पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारियों का साफा पहनाकर व माला अर्पित कर इस्तकबाल किया गया।

विभिन्न मस्जिदों में रही रौनक
पाली शहर की प्रमुख मस्जिदों में भी पेश इमामों द्वारा नमाज अदा करवाई गई:
-
प्यारा चौक बड़ी मस्जिद: मौलाना खलील अहमद अकबरी
-
दारुल उलूम फैजाने गरीब नवाज: मुफ्ती रईस अहमद मंजरी
-
मस्जिद चूड़ीगरान: सूफी अब्दुल रहीम साहब
-
नाड़ी मोहल्ला: हाफिज मोहम्मद इस्माइल व मौलाना अंसार अहमद
-
मदीना मस्जिद: मुफ्ती अमजद अली
नमाज के बाद समाज के गणमान्य लोगों ने सभी पेश इमामों की दस्तारबंदी (पगड़ी पहनाकर) की और उनका गुलपोशी कर स्वागत किया।
जकात, खैरात और ईदी की खुशियां
नमाज से पूर्व मोमिनों ने अपनी सालभर की कमाई का हिस्सा ‘जकात’ और ‘इमदाद’ के रूप में जरूरतमंदों में बांटा। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे के गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा। घरों में परिजनों और मित्रों ने खीर, सेवइयां और मिठाइयों से एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। बच्चों में ‘ईदी’ और उपहारों को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। शाम के समय अकीदतमंदों ने अपने बुजुर्गों और पीर-ओलिया की मजारों पर हाजिरी देकर खिराजे अकीदत पेश की।
समाज के गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पाली जिला मुस्लिम समाज के सदर मोहम्मद हकीम भाई , उपाध्यक्ष महबूब टी, सचिव रफीक गोरी ,मुस्लिम समाज प्रवक्ता शकील अहमद नागौरी , सलीम मिस्कीन ,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीज दर्द, अल्पसंखयक जिला अध्यक्ष जावेद सिरोहा, यूसूफ मोयल , चोटिला सदर अमजद अली , आमीन अली रंगरेज, शहजाद शेख , हाजी इंसाफ मोयल , हारून मलिक , शाहिद पिनु , जाहिद गौरी, इंसाफ सोलंकी, यासीन रॉयल , रिजवान चढ़वा , हाजी लतीफ कोहिनूर , असगर कुरेशी , सलीम राज ,अकरम अजमेरी, शेर मोहम्मद कुरैशी ,आसिफ पठान, जिशान अली रंगरेज, मुनाजिर अली, यासीन सबावत, कमरूदीन , मोहम्मद सत्तार पठान,रमजान सामरिया , फारूक रंगीला ,नोशाद खान , अख्तर हुसैन (मामू), वासिफ इमरान ICICI Bank, आसिफ छिपा, नजीर सिंधी, आरिफ रंगरेज ,मासूम अली मेव सहित मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगो ने ईदगाह व मुस्लिम मोहल्लो में पहुंच कर मोमिनो को ईदुल फित्र की मुबारक बाद देकर एक दूसरे को गले लगाकर मुसाफहा किया।


