मुम्बई। वर्ष 2023 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा शुक्रवार को हुई, जिसमें बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों और फिल्मों को सम्मानित किया गया। इस बार दो अभिनेताओं को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार साझा रूप से दिया गया है।
शाहरुख खान को उनकी सुपरहिट फिल्म ‘जवान’ में दमदार अभिनय के लिए यह सम्मान मिला है, वहीं विक्रांत मैसी को ‘12वीं फेल’ में अपने प्रभावशाली किरदार के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
रानी मुखर्जी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ में एक मां के भावनात्मक संघर्ष को बखूबी प्रस्तुत करने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया।
राष्ट्रीय पुरस्कारों की अन्य प्रमुख घोषणाएं इस प्रकार हैं:
सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म: 12वीं फेल (निर्देशक: विधु विनोद चोपड़ा)
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: सुदीप्तो सेन (द केरला स्टोरी)
सम्पूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म: रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (निर्देशक: करण जौहर)
राष्ट्रीय, सामाजिक व पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म: सैम बहादुर (निर्देशक: मेघना गुलजार)
इस पुरस्कार समारोह की घोषणा फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर की अध्यक्षता वाली जूरी ने की। इस बार की सूची ने यह साबित कर दिया कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता भी पैदा करता है।