पाली। पाली पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार देर रात नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने करीब 2.6 लाख रुपए कीमत का 530 किलो डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो जब्त की, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार एएनटीएफ जोधपुर की टीम को मादक पदार्थों से भरी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
फिल्मी अंदाज में पीछा, टायर पंक्चर के बाद भी नहीं रुके तस्कर…
तस्कर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हुए पाली जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र की ओर भागे। इस दौरान रोहट थाना पुलिस भी पीछा करने में शामिल हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो के टायर पंक्चर कर दिए, लेकिन इसके बावजूद तस्कर गाड़ी भगाते रहे।
गाड़ी छोड़कर अंधेरे में हुए फरार…
आखिरकार जैतपुर थाना क्षेत्र के गेलावास रोड पर तस्कर स्कॉर्पियो को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
530 किलो डोडा पोस्त बरामद…
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें करीब 530 किलो डोडा पोस्त भरा हुआ मिला। पुलिस ने स्कॉर्पियो और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने तस्करों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।


