बगड़ी नगर, पाली। गांव में ईद का पावन पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिद और ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज का नेतृत्व इमाम फिरोज रज़ा ने किया। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और गांव में सुख-शांति व तरक्की की दुआएं मांगी।

इस मौके पर सदर हाजी जाकिर हुसैन सहित मस्जिद कमेटी के सदस्यों—हाजी हसरत अली, एम हाजी शेख़, हाफिज खरादी, मुहम्मद युसुफ गौरी, हाजी फारूख शेख़ एवं खलील खरादी ने सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
ईद के अवसर पर गांव में विशेष रौनक देखने को मिली। लोगों ने नए वस्त्र धारण कर त्योहार की खुशियां मनाईं। घर-घर में सेवइयां और शीर खुरमा जैसे लजीज पकवान बनाए गए, जिनकी खुशबू से पूरा वातावरण महक उठा।

बच्चों में ईद को लेकर खास उत्साह नजर आया। उन्होंने बड़ों से ईदी प्राप्त की और दोस्तों के साथ दिनभर खुशियां मनाईं।
वहीं, थाना अधिकारी पहलाद सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और गांव के जिम्मेदार नागरिकों ने सुरक्षा एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

ईद का यह पावन पर्व बगड़ी नगर में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का सुंदर संदेश देता नजर आया।

