पाली। शहर में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां असम के एक बिजनेसमैन को सस्ते सोने का लालच देकर 40.51 लाख रुपए ठग लिए गए। घटना को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया, जिसमें एक वर्दीधारी युवक की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालोतरा के धोरीमन्ना निवासी सुरेश कुमार ने 20 मार्च को सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़ित ने बताया कि वह असम में मेटल का व्यापार करता है। जालोर निवासी भरत कुमार के माध्यम से उसे जानकारी मिली कि पाली में रमेश कुमार नाम का व्यक्ति बाजार से कम कीमत पर सोना उपलब्ध कराता है।
इस पर दोनों के बीच 400 ग्राम सोना 48 लाख रुपए में देने का सौदा तय हुआ। सौदे की पुष्टि के लिए 10 मार्च को 51 हजार रुपए ऑनलाइन टोकन के रूप में ट्रांसफर किए गए।
योजना के अनुसार भरत पहले राजस्थान पहुंचा और उसके कहने पर सुरेश कुमार 17 मार्च को फ्लाइट से जोधपुर आया। वहां से दोनों बस द्वारा पाली पहुंचे और एक होटल में ठहरे।
18 मार्च की शाम तय स्थान पूनागर भाकरी रोड पर दोनों पहुंचे। वहां पहले से कार में बैठे रमेश कुमार एक युवक के साथ बाइक पर आया। उसने बताया कि युवक के पास बैग में सोना है और कार में बैठकर चेक कर सकते हैं। भरोसा दिलाकर आरोपियों ने सुरेश से 40 लाख रुपए ले लिए।
इसी दौरान कुछ मिनट बाद एक वर्दीधारी युवक दूसरे व्यक्ति के साथ मौके पर पहुंचा। उसने कार रुकवाकर कहा कि साथ बैठा युवक सोने की तस्करी करता है। इसके बाद वह युवक को बैग सहित अपने साथ ले गया और कहा कि उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा, साथ ही गवाही के लिए थाने बुलाया जाएगा।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से पीड़ित घबरा गए। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से ठगी की गई है। रिपोर्ट में कुल 40 लाख 51 हजार रुपए ठगे जाने की बात सामने आई है।
सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वर्दीधारी युवक असली पुलिसकर्मी था या ठग गिरोह का हिस्सा। साथ ही पूरे नेटवर्क और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे है।


