पाली। शहर के मंडिया रोड स्थित हरिओम होटल के पास शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 9वीं कक्षा की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ, जब छात्रा जनरल स्टोर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, छात्रा काजल सड़क पार कर रही थी तभी तेज गति से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में काजल का एक पैर फ्रैक्चर हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसे ट्रोमा वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा का इलाज जारी है।
घायल छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी बाइक सवार की तलाश की जा रही है।


