पाली | 10 जनवरी 2026 पाली जिला कांग्रेस मुख्यालय पर आज ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान की शुरुआत एक प्रेस वार्ता के माध्यम से की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर मनरेगा योजना को सोची-समझी साजिश के तहत खत्म करने का आरोप लगाया।

सत्ता के अहंकार के खिलाफ गरीब के हक की लड़ाई: शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा
जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने कहा कि मनरेगा मात्र एक योजना नहीं, बल्कि गरीब और मजदूर का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ‘विकसित भारत’ के नाम पर मजदूरों से उनकी जीवन रेखा छीन रही है। कांग्रेस इस षड्यंत्र के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ पर हमला: विधायक भीमराज भाटी
पाली विधायक भीमराज भाटी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी द्वारा शुरू की गई यह दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना थी। उन्होंने केंद्र सरकार के नए ‘सुधारों’ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अब न काम की गारंटी है और न ही न्यूनतम मजदूरी का अधिकार। सरकार ठेकेदारों के माध्यम से इस योजना को खोखला करना चाहती है।
कांग्रेस ने उठाए ये गंभीर सवाल:
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा में किए जा रहे बदलावों पर चिंता जताई:
काम की कानूनी और संवैधानिक गारंटी को खत्म करना।
ग्राम पंचायतों से काम देने का अधिकार छीनना।
मजदूरों के बजाय ठेकेदारों के हाथ में कमान सौंपना।
राज्यों पर 40% खर्च का बोझ डालना ताकि काम ही न मिल सके।
इस अवसर पर पाली शहर अध्यक्ष हकीम भाई, पूर्व जिलाध्यक्ष चूनीलाल चाड़वास, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोरधन देवासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


