सोजत। क्षेत्र के सुरायता गांव में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही शिवपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक के पास से पुलिस को एक बंदूक, बारूद, छर्रे और माचिस बरामद हुई है, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है। शिवपुरा थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय भैराराम राम बावरी निवासी चौकीदारों की ढाणी, सुरायता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ दिनों से अपने घर से लापता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोजत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

