in

सोजत: बासना कालका माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य मेले में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल।

सोजत। क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम बासना स्थित श्री कालका माता मंदिर में गुरुवार को पारंपरिक वार्षिक मेले का भव्य आयोजन हुआ। मेले में आसपास के सांडिया, अटपड़ा, बोयल, सियाट, पाचूंडा, सरदारपुरा, खोखरा सहित कई गांवों के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

मेले को लेकर मंदिर परिसर से लेकर बासना गांव तक बुधवार रात से ही रौनक देखने को मिली। विभिन्न व्यंजनों, खिलौनों, आइसक्रीम, मिठाई-नमकीन और महिलाओं के श्रृंगार की दुकानों के साथ झूले भी सज गए, जिससे पूरा मेला स्थल आकर्षण का केंद्र बना रहा।

बुधवार रात्रि को आयोजित भजन संध्या में भजन गायकों ने कालका माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं के भजनों और लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर देर रात तक श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान लक्ष्मणराम माली एवं उनके परिवार ने महाप्रसादी का आयोजन किया।

गुरुवार सुबह विशेष पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर एवं मेला स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया। दोपहर में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शोभा चौहान की उपस्थिति में भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं एवं अतिथियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में विधायक शोभा चौहान, भामाशाह लक्ष्मणराम माली, सरपंच ताराराम सीरवी, पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल सीरवी, पुजारी देवनाथ, चिमनाराम देवासी, विनोद सेन और मनोहर सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

दोपहर बाद गाजे-बाजे के साथ नगर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंची और विधि-विधान से विसर्जित हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों के साथ नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की।

 

मेले के सफल आयोजन में बासना ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा, जिससे पूरा आयोजन भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली: रेप प्रयास के आरोपी को 7 साल का कठोर कारावास,सुबह 5 बजे गार्डन में हुई थी वारदात।

सोजत में श्रीराम नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, हाथो मे मशाल लिए युवाओं के जय श्रीराम के नारों से गूंजा शहर।