पाली जिले के रोहट कस्बे में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तहसील कार्यालय के पास हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो सगे भाई उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, निंबली पटेलान गांव निवासी श्रवण पटेल (35) अपने बड़े भाई सुरेशचंद्र के साथ बाइक से रोहट जा रहा था। श्रवण बाइक चला रहा था और सुरेश पीछे बैठा था। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे। श्रवण सिर के बल गिरा, जिससे उसे गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही एएसआई रिडमल विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घायलों को तुरंत रोहट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान श्रवण पटेल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि श्रवण रोहट में फल-सब्जी की दुकान चलाता था। अपने छोटे भाई को आंखों के सामने दम तोड़ते देख बड़ा भाई सुरेशचंद्र बेसुध होकर रो पड़ा, जिससे माहौल बेहद भावुक हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टक्कर मारने वाली कार की तलाश की जा रही है।


